Shimla Drug Smuggling Case : पंजाब के मुख्य सप्लायर समेत 3 गिरफ्तार, लाखों का चिट्टा और ‘आइस’ ड्रग बरामद

Shimla Drug Smuggling Case: शिमला पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर पंजाब के मुख्य सप्लायर सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 196 ग्राम चिट्टा, 47 ग्राम मेथामफेटामाइन (आइस) और नकदी बरामद हुई है। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

June 2, 2026 7:32 AM

Him Beat News, शिमला | हिमाचल प्रदेश की शिमला जिला पुलिस ने पंजाब से संचालित हो रहे एक बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क (Interstate Drug Smuggling Network) का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस बड़ी कार्रवाई के तहत तीन आरोपियों को दबोचा है, जिनके कब्जे से 196 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 47 ग्राम मेथामफेटामाइन (आइस) ड्रग बरामद की गई है। पकड़े गए नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

ढली चौक के पास युवक-युवती से शुरू हुई कड़ियां

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले एक गुप्त सूचना के आधार पर शिमला पुलिस की टीम ने ढली चौक के पास स्थित एक मकान में दबिश दी। इस छापेमारी के दौरान वहां मौजूद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान अवंतिका (निवासी ढली, शिमला) और प्रद्युम्न (निवासी ठियोग, शिमला) के रूप में हुई है। शुरुआती तलाशी में इन दोनों के पास से 65 ग्राम चिट्टा और 20 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत ढली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों से गहन पूछताछ शुरू की।

बैकवर्ड लिंकेज से पंजाब का मुख्य सप्लायर ‘टाईगर’ गिरफ्तार

पकड़े गए युवक-युवती से पूछताछ और बैकवर्ड लिंकेज की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस को इस रैकेट के मुख्य सरगना का सुराग मिला। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नशे की यह खेप खरड़ (पंजाब) के रहने वाले समर नाम के व्यक्ति से लेकर आए थे। सूचना पुख्ता होते ही शिमला पुलिस की एक विशेष टीम को पंजाब के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने मोहाली जिले के खरड़ स्थित शिवजोत कॉलोनी के शिवालिक अपार्टमेंट (फ्लैट नंबर 418) में दबिश देकर मुख्य तस्कर समर सिंह उर्फ टाइगर को धर दबोचा। समर मूल रूप से गांव मस्तके, जिला फिरोजपुर (पंजाब) का रहने वाला है। मुख्य सप्लायर समर सिंह के कब्जे से पुलिस ने 131 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 27 ग्राम आइस (मेथामफेटामाइन) और 60,400 की ड्रग मनी (नकदी) बरामद की।

शिमला पुलिस का एक्शन: अब तक 43 तस्कर गिरफ्तार

जिले में नशा तस्करी के जड़ पर प्रहार करने के लिए शिमला पुलिस अब हर मामले में ‘बैकवर्ड लिंकेज’ नीति पर काम कर रही है। इसके तहत केवल नशा खरीदने वालों को ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों में बैठे मुख्य सप्लायरों को भी दबोचा जा रहा है। इस साल अब तक शिमला पुलिस इस रणनीति के तहत 43 अंतरराज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अब इन आरोपियों की वित्तीय संपत्तियों की भी जांच कर रही है ताकि नशे की काली कमाई से अर्जित संपत्तियों को सीज (जब्त) किया जा सके।

“शिमला पुलिस ने एक और अंतरराज्यीय नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पूरे मामले में कुल 196 ग्राम चिट्टा, 47 ग्राम मेथामफेटामाइन और 60,400 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस इस नेटवर्क के हर पहलू और सप्लाई चेन की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि इसके पीछे छिपे अन्य बड़े चेहरे भी बेनकाब हो” — अभिषेक, एएसपी (ASP), शिमला

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment