Him Beat News, शिमला | राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस के स्पेशल सेल ने दो अलग-अलग मामलों में 35 ग्राम चिट्टे के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने नशा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल और एक कार को भी कब्जे में लिया है।
👉 ये भी पढ़ें : Drug Smuggling Case : भारत-पाक सीमा से चिट्टा सप्लायर और लखनऊ से केमिस्ट गिरफ्तार
पहले मामले में बाइक सवार से 26 ग्राम चिट्टा बरामद
स्पेशल सेल शिमला की टीम लक्कड़ बाजार, संजौली और ढली क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि संजौली का रहने वाला एक युवक इलाके में चिट्टे की सप्लाई करने आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संजौली चौक के पास नाका लगाया। इस दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को चेकिंग के लिए रोका गया। बाइक चालक की पहचान रवि कुमार उर्फ बंटी, निवासी संजौली, जिला शिमला के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 26 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने संजौली थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
👉 यह भी पढ़ें : Shimla LSD Drug Case : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज मिटाने पर भुंतर का होटल मालिक गिरफ्तार
दूसरे मामले में ठियोग के दो सप्लायर धरे, कार से लाए थे नशा
संजौली क्षेत्र में ही हुई दूसरी कार्रवाई में स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर एक सफेद रंग की कार को चेकिंग के लिए रोका। वाहन चालक ने पूछताछ में अपना नाम सौरभ, निवासी धर्मपुर, शिमला बताया। कार की तलाशी लेने पर उसके पास से 9 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस की कड़ाई से हुई पूछताछ के बाद इस रैकेट में शामिल सह-आरोपी को भी दबोच लिया गया। दूसरे आरोपी की पहचान हैप्पी चंदेल, निवासी ठियोग के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि सौरभ और हैप्पी चंदेल दोनों मिलकर चिट्टे की इस खेप को शिमला लाए थे। पुलिस आरोपी हैप्पी चंदेल को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया पूरी कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह नशा कहां से खरीद कर लाए थे।






