एचबी ब्यूरो, नाहन | हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की देवामानल पंचायत से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक स्थानीय खड्ड में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान 8 वर्षीय आयान और 9 वर्षीय अभिनव के रूप में हुई है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
तंग रास्ते पर फिसला पैर और घट गया हादसा
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब एक बजे आयान और अभिनव अपने पिता प्रवीण के साथ खड्ड के किनारे गए थे। पिता पास ही अपने किसी काम में व्यस्त थे, तभी अचानक आयान का पैर तंग रास्ते से फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।अपने छोटे भाई को डूबता देख, बड़ा भाई अभिनव उसे बचाने के लिए तुरंत खड्ड में कूद गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों मासूम काफी देर तक एक-दूसरे का हाथ पकड़कर बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते रहे, लेकिन पानी की गहराई और बहाव के आगे उनकी मासूमियत हार गई।
जब तक पिता पहुंचे, तब तक हो चुकी थी देर
हादसे का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि पिता को इस घटना का पता काफी देर बाद चला। जब प्रवीण बच्चों को ढूंढते हुए खड्ड के पास पहुंचे, तो दोनों के शव पानी में तैर रहे थे। आनन-फानन में 108 एंबुलेंस बुलाई गई और बच्चों को नौहराधार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रवीण के ये दो ही बेटे थे। इस हादसे ने परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। उधर, प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 25-25 हजार की तत्काल सहायता राशि प्रदान की है। पुलिस के मुताबिक, शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। हालांकि परिजनों ने किसी भी तरह का शक जाहिर नहीं किया है, लेकिन हर पहलू से मामले की तफ्तीश की जा रही है।










