एचबी ब्यूरो, शिमला | हिमाचल प्रदेश में चिलचिलाती गर्मी के बीच राहत की खबर है। प्रदेश में शुक्रवार से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 24 और 25 अप्रैल को राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 और 27 अप्रैल को मैदानी जिलों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि, 28 और 29 अप्रैल को एक बार फिर बारिश और बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। विशेष रूप से 26 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला में अंधड़ के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
मई की शुरुआत में भी खराब रहेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि खराब मौसम का यह दौर मई के पहले सप्ताह तक जारी रहेगा। 1 से 7 मई के बीच मध्य और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में छिटपुट वर्षा के आसार हैं। किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की जा सकती है।
ऊना में रिकॉर्ड गर्मी, 40 डिग्री तक पहुंचा पारा
फिलहाल प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्मी के तेवर तीखे बने हुए हैं। ऊना में तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो राज्य में सबसे अधिक है। प्रदेश में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक बना हुआ है। ताबो में सबसे कम 17.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) |
| ऊना | 40.0° |
| कांगड़ा | 36.4° |
| सुंदरनगर | 35.8° |
| मंडी | 35.0° |
| शिमला | 27.2° |
| मनाली | 26.8° |




