Him Beat Bureau, कुल्लू | मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को कुल्लू जिले के भुंतर हवाई अड्डे पर 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC हैंगर) का उद्घाटन किया। इस सुविधा से प्रदेश के युवाओं, विशेषकर दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों के कैडेटों को विमानन प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। इसे हिमाचल में एयर एनसीसी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
समारोह के दौरान विमान को हैंगर की ओर ले जाते समय जल तोपों की सलामी दी गई। इस अवसर पर कैडेटों ने स्थिर और उड़ान योग्य विमान मॉडल के साथ अपनी ओर से डिजाइन और विकसित किए गए ड्रोन भी प्रदर्शित किए। इन प्रदर्शनों के माध्यम से कैडेटों के तकनीकी कौशल, रचनात्मकता और विमानन क्षेत्र में उनकी रुचि सामने आई।
एयर एनसीसी कैडेटों को मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि नया एनसीसी हैंगर क्षेत्र में विमानन प्रशिक्षण की सुविधाओं को मजबूत करेगा। यहां कैडेटों को विमानन का व्यावहारिक ज्ञान, सिम्युलेटर आधारित प्रशिक्षण और उड़ान कौशल विकसित करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि हिमाचल के युवा विमानन क्षेत्र में आगे बढ़ें। भुंतर हवाई अड्डे पर एनसीसी फ्लाइंग नोड और प्रशिक्षण गतिविधियों से पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को भारतीय वायु सेना और नागरिक उड्डयन में करियर बनाने की प्रेरणा मिलेगी। यह सुविधा युवाओं को कुशल पायलट बनने के साथ नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी विकसित करने में भी मददगार होगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 1972 में हिमाचल में एयर एनसीसी की स्थापना के बाद कुल्लू में इस तरह की विशेष सुविधा की शुरुआत बड़ी उपलब्धि है। लंबे समय से चली आ रही बुनियादी ढांचे की बाधाओं, प्रशासनिक जटिलताओं के बाद यह सुविधा विकसित की गई है।

206 करोड़ की 25 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

मुख्यमंत्री सुक्खू ने बजौरा स्थित लोक निर्माण विश्राम गृह और कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के पिरडी में 206 करोड़ की 25 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी क्षेत्रों का समान और संतुलित विकास सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आय बढ़ाना और आर्थिक गतिविधियों के माध्यम से पैसा सीधे गांवों की अर्थव्यवस्था तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
दुबई निर्यात किए गए कुल्लू के 113 मीट्रिक टन अनार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से कुल्लू जिले में उत्पादित सिंदूरी किस्म के 113 मीट्रिक टन अनार संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर को निर्यात किए गए हैं। इससे हिमाचल के बागवानी उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मंडी मध्यस्थता योजना के तहत सेब का खरीद मूल्य एक रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाया गया है। अब सेब 12 रुपये के बजाय 13 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा जाएगा। सरकार का कहना है कि ऐसे कदमों से बागवानों को लाभ पहुंचाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में मदद मिलेगी।









