Him Beat News, शिमला | पहाड़ों की रानी शिमला के निवासियों और यहां घूमने आए पर्यटकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पिछले 7 दिनों से वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हड़ताल पर बैठे नगर निगम के सैहब कर्मचारियों की हड़ताल वीरवार को खत्म हो गई है। शुक्रवार से सभी कर्मचारी काम पर लौट आएंगे, जिससे शहर में घर-घर से कूड़ा उठाने का काम दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो जाएगा। नगर निगम शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान के साथ टाउन हॉल में हुई एक बैठक और लिखित समझौते पर हस्ताक्षर के बाद कर्मचारी यूनियन ने यह फैसला लिया।
सीटीओ चौक पर प्रदर्शन के बाद बनी बात
वीरवार सुबह करीब 10:00 बजे सैहब कर्मचारी यूनियन ने शिमला के सीटीओ चौक पर उग्र प्रदर्शन किया था। कर्मचारी बुधवार को निगम प्रशासन द्वारा 41 कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त करने के फैसले के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। मामले को बढ़ता देख दोपहर 12 बजे महापौर सुरेंद्र चौहान ने कर्मचारियों को बातचीत के लिए अपने कार्यालय बुलाया। सकारात्मक माहौल में हुई इस बैठक में मेयर ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया, जिसके बाद लिखित समझौता तैयार हुआ।
इन मुख्य मांगों पर बनी सहमति:
- वेतन बढ़ोतरी: कर्मचारियों के वेतन में 10 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी।
- विशेष छुट्टियां: सैहब कर्मियों को साल में 15 दिन की विशेष छुट्टियां मिलेंगी।
- 4-9-14 का लाभ: सभी पात्र कर्मचारियों को सुनिश्चित करियर प्रगति (4-9-14 सुनिश्चित वेतनमान) का लाभ
- बर्खास्त कर्मचारी बहाल: बुधवार को जिन 41 कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया था, वे बहाल होंगे।
चार जून की एजीएम बैठक में लगेगा अंतिम फैसला
महापौर सुरेंद्र चौहान ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया है कि इन सभी मांगों को आगामी 4 जून 2026 को होने वाली एजीएम की बैठक में आधिकारिक मंजूरी के लिए रखा जाएगा। उधर, यूनियन के अध्यक्ष जसवंत सिंह ने कहा कि 4 जून को होने वाली एजीएम की बैठक में इन मांगों को आधिकारिक रूप से लागू नहीं किया गया, तो सभी कर्मचारी 5 जून से दोबारा अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
7 दिनों से चरमरा गई थी शिमला की सफाई व्यवस्था
पिछले एक हफ्ते से घर-घर से कूड़ा न उठने के कारण शिमला शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई थी। हालत यह थी कि रिहायशी इलाकों के साथ-साथ मुख्य सड़कों और गारबेज कलेक्शन पॉइंट्स पर कूड़े के ऊंचे ढेर लग गए थे। गर्मियों के इस सीजन में देश-विदेश से शिमला पहुंच रहे सैलानियों के सामने भी शहर की छवि खराब हो रही थी। घरों में कचरा जमा होने के कारण लोग मजबूरी में सड़कों पर कूड़ा फेंक रहे थे। हालांकि, नगर निगम ने स्थिति को संभालने के लिए गुरुवार को बड़े ट्रकों के जरिए कलेक्शन पॉइंट साफ करवाए थे, लेकिन अब शुक्रवार से घर-घर जाकर कूड़ा कलेक्शन का काम पूरी तरह नॉर्मल हो जाएगा।







