एचबी ब्यूरो | शिमला
HRTC Him Bus Card Apply Last Date: हिमाचल प्रदेश में शैक्षणिक सत्र के बीच हिमाचल पथ परिवहन निगम ने छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। प्रदेश में 31 मई 2026 के बाद विद्यार्थियों के ‘हिम बस कार्ड’ (Him Bus Card) नहीं बनाए जाएंगे। निगम प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि डिजिटल व्यवस्था को सुचारु रखने और रिकॉर्ड अपडेट करने के लिए 31 मई तक ही आवेदनों को स्वीकार किया जाएगा। एचआरटीसी प्रबंधन ने बताया कि नए सत्र से पहले डेटा को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से यह समयसीमा तय की गई है। यदि राज्य सरकार भविष्य में इस तिथि को आगे बढ़ाने का निर्णय लेती है, तो निगम उसी अनुसार कदम उठाएगा।
हिमाचल में अब तक स्कूली बच्चों के 15 हजार कार्ड बने
निगम की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में अब तक विभिन्न श्रेणियों को मिलाकर लगभग 2 लाख हिम बस कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इनमें से करीब 15 हजार कार्ड केवल स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थियों के बनाए गए हैं। रियायती और सुगम सफर के लिए छात्र लगातार इन कार्ड्स के लिए आवेदन कर रहे हैं।
छात्र ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन (Him Bus Card Online Process)
एचआरटीसी ने स्कूल और कॉलेज के छात्रों के साथ-साथ अभिभावकों से भी समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। हिम बस कार्ड बनवाने के लिए विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक संस्थान (School/College) से प्राप्त आई-कार्ड (ID Card) की आवश्यकता होगी। छात्रों को यह आई-कार्ड हिमाचल पथ परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन अपलोड करना होगा।
एचआरटीसी प्रबंधन ने राज्य के सभी डिपो प्रभारियों और क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश जारी किए हैं कि कार्ड बनाने की प्रक्रिया में विद्यार्थियों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाए। सभी प्रमुख स्कूलों और कॉलेजों को भी इस डेडलाइन के बारे में सूचित करने को कहा गया है ताकि कोई भी छात्र इस सुविधा से वंचित न रहे।






