एचबी ब्यूरो, शिमला | Jan Akrosh Mahila Padyatra : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला का चौड़ा मैदान वीरवार को नारी शक्ति के नारों से गूंज उठा। भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित इस रैली में प्रदेश के कोने-कोने से आई हजारों महिलाओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपने आक्रोश को मुखर किया। यह रैली महिलाओं के सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी की एक निर्णायक लड़ाई का शंखनाद बनकर उभरी। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षा डेजी ठाकुर ने की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और सह प्रभारी संजय टंडन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कांग्रेस को घेरा

Jan Akrosh Mahila Padyatra के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को पंचायत से संसद तक 33% आरक्षण देने के लिए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ लाकर एक ऐतिहासिक पहल की थी, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के कारण इसमें बाधा उत्पन्न की। पायल वैद्य ने प्रियंका गांधी के नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब महिलाओं को अधिकार देने की बात आई, तो कांग्रेस ने अपनी मानसिकता दिखा दी।
कांग्रेस ने महिलाओं को वोट बैंक के रूप में किया इस्तेमाल
डेजी ठाकुर ने कहा कि संसद में इस विधेयक का विरोध लोकतंत्र के इतिहास में एक काले दिन के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया और जब उन्हें अधिकार देने की बात आई, तो पीछे हट गई। उन्होंने कहा कि यह घटना देश की करोड़ों महिलाओं के आत्मसम्मान पर चोट है और इसका जवाब नारी शक्ति सड़कों पर दे रही है।
प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप
भाजपा विधायक रीना कश्यप ने प्रदेश की वर्तमान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि रैली की सफलता से घबराकर सरकार ने प्रशासन का दुरुपयोग किया। सोलन और अन्य क्षेत्रों से आ रही महिलाओं की बसों को घंटों रोका गया और उन्हें लंबे रास्तों से भेजा गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आवाज को दबाने की यह साजिश विफल रही।
1500 रुपये के वादे पर सरकार को घेरा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार की विफलताओं को गिनाते हुए कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले 28 लाख महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन आज तक किसी को इसका लाभ नहीं मिला। उन्होंने इसे महिलाओं के साथ “खुला छल” करार दिया।
राजनीतिक परिवर्तन की नींव : जयराम ठाकुर
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह जनआक्रोश केवल एक रैली नहीं, बल्कि हिमाचल में आने वाले राजनीतिक परिवर्तन की नींव है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति अब निर्णायक भूमिका निभाने के लिए तैयार है और यह आंदोलन प्रदेश की राजनीति की दिशा बदल देगा। उन्होंने कहा कि रैली में उपस्थित महिलाओं, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर महिला अधिकारों के समर्थन में आवाज बुलंद की और यह स्पष्ट संदेश दिया कि अब नारी शक्ति अपने अधिकारों के लिए पीछे हटने वाली नहीं है।







