शिमला | लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान विकास और जन-कल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। ग्राम पंचायत बाग में आयोजित ‘श्री पंदोई महाराज’ के धार्मिक कार्यक्रम में शिरकत करते हुए उन्होंने क्षेत्र की प्रगति के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सुन्नी क्षेत्र में डिसिल्टिंग (गाद निकालने) की समस्या एक बड़ा खतरा बन चुकी है। इसे हल करने के लिए बीबीएमबी प्रशासन के साथ बातचीत अंतिम चरण में है। जिला प्रशासन ने सभी तकनीकी और कागजी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। 10 करोड़ रुपए की लागत से थली ब्रिज के जीर्णोद्धार का कार्य आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है।

शिमला ग्रामीण की बाग पंचायत में लोगों की समस्याएं सुनते पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर विक्रमादित्य सिंह।
प्रोजेक्ट्स में अब तक 1600 युवाओं को नौकरी
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सराज क्षेत्र की 10 पंचायतें उनके विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा हैं, जहां सरकारी भवनों का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। उन्होंने स्वरोजगार पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय प्रोजेक्ट्स में अब तक लगभग 1600 युवाओं को नौकरियां दी गई हैं। इन नौकरियों में 60% युवा स्थानीय हैं। प्रोजेक्ट प्रभावित परिवारों को रोजगार सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। पंचायत चुनावों पर चर्चा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि ये चुनाव पार्टी के चुनाव चिन्ह पर नहीं लड़े जाते। उन्होंने अपील की कि अपनी विचारधारा से जुड़े लोग आपसी सहमति से प्रत्याशी तय करें। जनता जिसे भी चुनकर भेजेगी, हम बिना किसी भेदभाव के उनके साथ मिलकर विकास कार्यों को अमली जामा पहनाएंगे।







