Kangra : केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में जुलाई से शुरू होगी लॉ की पढ़ाई, BCI से मिली मंजूरी

एचबी ब्यूरो | धर्मशाला।

हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय से विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने विश्वविद्यालय को कानून की कक्षाएं शुरू करने की मंजूरी दे दी है। आगामी शैक्षणिक सत्र में जुलाई से धर्मशाला परिसर में विधि (लॉ) की पढ़ाई शुरू हो जाएगी। प्रवेश कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) की मेरिट के आधार पर होगा।

विश्वविद्यालय लंबे समय से लॉ कोर्स शुरू करने की योजना बना रहा था, लेकिन बीसीआई के नियमों में बदलाव के कारण प्रक्रिया लंबित थी। नवीनतम संशोधन के बाद विश्वविद्यालय को मंजूरी मिल गई है। प्रशासन ने फैकल्टी नियुक्ति और शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने की तैयारियां तेज कर दी हैं।इस सत्र से विश्वविद्यालय 60 सीटों के साथ पांच वर्षीय एकीकृत कोर्स बीए-एलएलबी और बीकॉम-एलएलबी शुरू करेगा। इसके अलावा दो वर्षीय एलएलएम कार्यक्रम भी संचालित किया जाएगा।

बाहर जाना पड़ता था कानून की पढ़ाई के लिए

अब तक प्रदेश के छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली कानूनी शिक्षा के लिए बाहरी राज्यों में जाना पड़ता था। विश्वविद्यालय में यह सुविधा शुरू होने से छात्रों को घर के पास ही लॉ की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। डीन अकादमिक प्रो. प्रदीप कुमार ने बताया कि जुलाई से कक्षाएं शुरू करने के लिए फीस जमा करवाने सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। साथ ही बुनियादी ढांचे और फैकल्टी की तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।

1 thought on “Kangra : केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में जुलाई से शुरू होगी लॉ की पढ़ाई, BCI से मिली मंजूरी”

  1. Pingback: HPU UIT शिमला में बीटेक करना हुआ महंगा, फीस में 10% की बढ़ोतरी; अधिसूचना जारी

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top